धनबादः नहाने के दौरान तीन दोस्त ले रहे थे सेल्फी, युवक की भटिंडा फॉल में डूबकर हुई मौत

6/21/2021 5:47:35 PM

धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के मुनीडीह ओपी क्षेत्र के भटिंडा फॉल में रविवार को डूबने से एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने दो दोस्तों के साथ भटिंडा फॉल घूमने गया था। इसी दौरान नहाने के क्रम में सेल्फी लेने के चक्कर मे उसका पांव फिसल गया और वो गहरे पानी मे जा गिरा। युवक की पहचान मनईटांड निवासी अजय कुमार सिन्हा के पुत्र अमन सिन्हा (28) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि धनबाद के मनईटांड स्थित माड़ी गोदाम के पास के रहने वाले तीन अमन, जीत विश्वास और धीरज कुमार भटिंडा फॉल घूमने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान अमन ने वहां नहाने की इच्छा जाहिर की लेकिन उसके बाकी दो दोस्तों ने पहले यहां नहाने से मना किया। इसके बाद अमन द्वारा जिद किए जाने पर उसके दोस्त मान गए और तीनों फॉल में नहाने चले गए। अमन के दोस्तो के अनुसार अमन का नहाते वक्त ये सभी सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान अमन और उसके एक दोस्त का पांव फिसल गया और वो गहरे पानी में जा गिरे।

इस दौरान उसका एक साथी तो एक पत्थर पकड़ कर अपनी जान बचाई। जिसके बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन दोनों को नदी से बाहर निकाल लिया लेकिन अमन तेज धार में बह कर गहरे पानी में जा पहुंचा और वो डूब गया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें अमन गहरे पानी मे डूबता नजर आ रहा है। आसपास काफी लोगों की भीड़ भी इकट्ठा है लेकिन उस गहरे पानी मे उतर कर अमन को बचाने की हिम्मत किसी ने नही की। यह वीडियो वहां मौजूद एक महिला ने बनाई है।

इस घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से डूब चुके अमन को खोजने के प्रयास में जुट गई है। देर शाम तक अमन का शव गोताखोर नही ढूंढ पाए थे। घटना की सूचना पर अमन के परिजन मुनीडीह ओपी पहुंच गए है। जबकि मौके पर मुनीडीह पुलिस कैम्प किए हुए है।

Content Writer

Diksha kanojia