देवघर: पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में 8 अपराधियों को किया गिरफ्तार

9/26/2020 2:35:00 PM

देवघरः झारखंड में देवघर जिले में नशीला पदार्थ गांजा की तस्करी करने वालों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने आठ गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकाश चंद्र श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया कि सूचना मिल रही थी कि शहर में भारी मात्रा में मादक पदार्थो का खरीद-बिक्री की जा रही है। तस्करों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन कर हनुमान टिकरी मोहल्ले तथा जलसार के समीप छापेमारी की गई। इस दौरान मौके पर से अशोक रमानी के घर से करीब साढ़े तीन किलो अवैध गांजा मिला साथ ही जलसार के आदर्श साहनी के घर भी छापेमारी कर कुल साढ़े चार किलो गांजा बरामद किया।

श्रीवास्तव ने कहा कि गिरफ्तार तस्करों की निशानदेही पर रिखिया थाना क्षेत्र के बलसारा निवासी रामदेव महथा के घर से करीब दो किलो गांजा, भिखारी महथा के घर से सवा किलो गांजा और अठमोरिया गांव के रहनेवाले पिंटू महथा के पास से 650 ग्राम गांजा, उमेश महथा के घर से 600 ग्राम गांजा, कुंडा थाना क्षेत्र के चित्तोलोधिया निवासी बाबू राम से दो किलो गांजा बरामद किया। इसके अलावा मोहनपुर थाना क्षेत्र के अमगढि़या निवासी दीपू महथा के पास से एक किलो गांजा तथा 32 बोतल विदेशी शराब भी बरामद किया हैं।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी हैं। बरामद गांजा की कीमत दो से ढाई लाख रुपए आंकी गई हैं। तस्करी में संलिप्त अन्य को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Diksha kanojia