बोआरीजोर में खुलेगा डिग्री कॉलेज, हेमंत सरकार ने छात्रों के लिए उच्च शिक्षा को आसान बनाने का उठाया बड़ा कदम
Sunday, Mar 15, 2026-02:19 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड सरकार ने बोआरीजोर प्रखंड के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा को आसान बनाने का बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने बोआरीजोर में डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है और इसके लिए 40.19 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है।
इस फैसले से अब इलाके के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए शहर या जिले के बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। बोरियो विधायक धनंजय सोरेन के प्रयासों के बाद यह काम संभव हुआ है। प्रखंड में कॉलेज न होने के कारण ज्यादातर छात्र उच्च शिक्षा नहीं ले पाते थे और उन्हें जिला मुख्यालय, जो लगभग 55 किलोमीटर दूर है, जाना पड़ता था। अब डिग्री कॉलेज खुलने से आर्थिक रूप से कमजोर छात्र भी अपने गांव में पढ़ाई कर सकेंगे।
समाजसेवी और जिला समिति सदस्य दिलीप ठाकुर, अनुसील हेमब्रम, दिनेश, चांद नारायण मुर्मू और दीनबंधु मंडल ने बताया कि बोआरीजोर एक कृषि प्रधान क्षेत्र है, जहां करीब 2 लाख लोग रहते हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज बनने से प्रखंड में शैक्षणिक विकास को नई गति मिलेगी। ग्रामीण अब कॉलेज को प्रखंड के नज़दीक बनाने की मांग कर रहे हैं। झारखंड सरकार की यह पहल उच्च शिक्षा को सशक्त बनाने और छात्रों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

