वर्चुअल रैली में बोले दीपक प्रकाश- हेमंत सरकार में बेबस हुए अन्नदाता

5/18/2021 7:55:07 PM

रांचीः झारखंड में किसानों के क्रय धान के भुगतान की मांग को लेकर वर्चुवल धरना के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने हेमन्त सरकार को किसान विरोधी सरकार की संज्ञा दी है। उन्होंन मंगलवार को यहां कहा कि हेमंत सरकार किसानों पर अत्याचार कर रही है।

किसानों से पिछले नवंबर खरीदे गए धान का भुगतान अब तक नहीं होना दुर्भाग्यजनक है। कोरोना कालखंड में किसान पहले से परेशान हैं, इन्हें सरकारी मदद चाहिए थी लेकिन दुख है कि सरकार मदद तो दूर उनके हक का पैसा भी उन्हें प्राप्त नहीं हो रहा है। अन्नदाता बेबस और लाचार हैं क्योंकि उनकी पूरी पूंजी सरकार के पास है जबकि किसान फिर से खेत में जाने को तैयार खड़े हैं। थोड़े ही दिनों बाद बरसात भी दस्तक देने वाली है। प्रकाश ने कहा कि झामुमो कांग्रेस और राजद ने किसानों को छलने का काम किया है। भीगा धान के बहाने सरकार ने ज्यादातर किसानों से धान खरीद में आनाकानी किया। जिस कारण किसान ओने पौने दाम में बिचौलियों को धान बेचने को मजबूर हुए।

इसके साथ ही उन्होंने सरकार से किसानों के लिए खाद बीज अविलंब व्यवस्था कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस झामुमो ने सरकार गठन के साथ ही ? 2 लाख तक की ऋण माफी के वादे को भी अविलंब भुगतान करे। भाजपा नेता ने कहा कि धान बोने का समय आ गया है, अधिकांशत: किसान इस आशा और भरोसा में रहे की शेष धान जो घरों में बचे हैं वो सरकार खरीदेगी लेकिन धान नहीं खरीद होने के कारण या तो किसान औने पौने दामों में धान को बिचौलियों के हाथो में बेच डाला या धान किसानों के घर में सड़ रहे हैं। ऐसी परिस्थिति में किसानों के बीच विकट स्थिति उत्पन्न हो गई है और किसान काफी हताश और निराश हैं।

Content Writer

Diksha kanojia