दीपक प्रकाश बोले- चिकित्सकों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी भाजपा

1/3/2021 11:40:50 AM

 

रांचीः झारखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने चिकित्सीय पेशे के खिलाफ पदाधिकारी के अभद्र बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भाजपा चिकित्सकों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी।

प्रकाश ने शनिवार को यहां कहा कि सरकार की सोच के अनुरूप पदाधिकारी इस तरह के बयान दे रहे हैं। यह किसी स्वार्थ नहीं बल्कि सेवा का पेशा है। भगवान का दूसरा रूप चिकित्सक के खिलाफ बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार ऐसे पदाधिकारी पर नियंत्रण रखे। भाजपा ऐसे सभी चिकित्सक के पक्ष में खड़ी है और उनका अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने स्वास्थ्य सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी द्वारा चिकित्सकों के खिलाफ दिए गए बयान को लेकर सरकार से कारर्वाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश कोरोना से जूझ रहा था, तक चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया, इसके बावजूद स्वास्थ्य सचिव डॉ. कुलकर्णी का चिकित्सकों के विरुद्ध अपमानजनक बयान दुर्भाग्यपूर्ण है।

उल्लेखनीय है कि एक कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने कहा था कि चिकित्सीय पेशे में आधे लोग इसलिए आते हैं कि उन्हें काम न करना पड़े और आधे इसलिए कि उन्हें दहेज अधिक मिले। डॉ. नितिन खुद एक चिकित्सक हैं।

Diksha kanojia