झारखंड में बढ़ते अपराध पर दीपक प्रकाश ने जाहिर की चिंता, कहा- राज्य की छवि हो रही धूमिल

2/28/2021 11:02:49 AM

रांचीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने राज्य में बढ़ते अपराध पर चिंता जाहिर करते हुए शनिवार को कहा कि प्रदेश में लगातार घट रही आपराधिक घटनाओं से झारखंड की छवि धूमिल हो रही है।

प्रकाश के साथ नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी ने राजधानी रांची के कांके रोड स्थित टिकली टोला में दंपति की हत्या की घटना पर संवेदना प्रकट करते हुए उनके परिजनों से मुलाकात की। नेताओं ने सांत्वना प्रकट करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में भाजपा इस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। प्रकाश ने घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि हेमंत सरकार बनने के बाद राज्य में तेजी से अपराध का ग्राफ बढ़ा है।

इस सरकार में आदिवासियों के ऊपर अत्याचार- नरसंहार की घटना में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है। सरकार बनते ही चाईबासा की नरसंहार से शुरुआत होते हुए कामडारा नरसंहार से लेकर रांची में दंपति की हत्या। आखिर इन हत्याओं का सिलसिला कहां जाकर रुकने वाला है, इसका कोई पता नही है। इस सरकार में अपराधियों का बोलबाला है। हेमंत सरकार राज्य को अराजकता की ओर लेकर जा रही है।

वहीं, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य में नक्सली एवं अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ा हुआ है कि मुख्यमंत्री आवास से महज 3-4 किलोमीटर दूर ही पति-पत्नी की निर्मम हत्या हो जाती है। अपराधियों के आगे यह सरकार नतमस्तक हो चुकी है। आदिवासी की हितैसी बनने वाली सरकार में सबसे ज्यादा हत्या आदिवासियों की ही हो रही है।
 

Content Writer

Diksha kanojia