दीपक प्रकाश का हमला- हेमंत सरकार जान बचाने वाली नहीं बल्कि जान लेने वाली सरकार

10/22/2021 11:59:36 AM

 

रांचीः भाजपा ने राज्य सरकार को सभी मोर्चे पर विफल करार दिया। साथ ही कहा कि राज्य में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार लोगों की जान बचाने वाली नहीं बल्कि जान लेने वाली सरकार साबित हो रही है।

झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार में दिनों दिन पुलिसिया आतंक बढ़ रहा है। पुलिस जनता के लिए सहारा नही बल्कि आतंक बनती जा रही। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम जनता की सुरक्षा करना है जबकि पुलिस राज्य सरकार के इशारे पर निर्दोषों को सता रही है। रामगढ़ में एक वृद्ध महिला की मौत पर आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रकाश ने कहा कि यह कौन सा कानून है, जिसमें पुलिस गिरफ्तारी के लिए रात को दरवाजा तोड़कर घुसती है। यह कानून का राज्य नहीं बल्कि जंगल राज का उदाहरण है।

वहीं दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य में उग्रवादियों, अपराधियों की तूती बोल रही है जबकि आम आदमी हताश, भयभीत और परेशान है। व्यवसायियों से खुलेआम फिरौती मांगी जा रही। उद्योग धंधे बंद हो रहे, उग्रवादी फिर से सिर उठा रहे हैं। बहन-बेटियों के साथ सामूहिक बलात्कार की घटनाएं आम घटना बन चुकी है। हेमंत सरकार जान बचाने वाली नहीं बल्कि जान लेने वाली सरकार साबित हो रही है।

Content Writer

Nitika