रांची के होटल में मिले पिता-पुत्र के गला रेते हुए शव, मारने से पहले भोजन में मिलाया गया था नशीला पदार्थ

7/11/2022 1:38:43 PM

 

रांचीः झारखंड के रांची के एक होटल के कमरे में एक व्यक्ति और उसके पुत्र के शव मिले हैं, जिनका गला किसी धारदार हथियार से काटा गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान नागेश्वर मेहता और उनके बेटे अभिषेक मेहता के रूप में हुई है, जो हजारीबाग जिले के इचक ब्लॉक के निवासी थे।

उन्होंने बताया कि घटना रविवार रात स्टेशन रोड पर एक होटल में हुई। पुलिस को संदेह है कि दोनों को मारने से पहले, उनके भोजन में कोई नशीला पदार्थ मिलाया गया था। रांची शहर के पुलिस अधीक्षक अंशुमान कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि परिवार के सदस्यों ने दावा किया कि दोनों अभिषेक मेहता के फार्मेसी में डिप्लोमा के साक्षात्कार के लिए रांची आए थे, जो रविवार को निर्धारित था। उन्होंने कहा, ''परिवार के होने वाले दामाद ने हमें घटना के बारे में सूचित किया। वह रविवार की सुबह और फिर शाम को भी उनसे मिला था। उससे पूछताछ की जा रही है।

प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि हत्याएं एक व्यक्ति ने की हैं। हालांकि, उक्त मामले में आगे की जांच जारी है।'' रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार झा ने घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। एक फोरेंसिक टीम ने भी होटल के कमरे का दौरा किया और मौके से नमूने एकत्र किए।

Content Writer

Diksha kanojia