जमशेदपुर से गुजरात ATS ने दाऊद इब्राहिम के सहयोगी को किया गिरफ्तार, 24 साल से था फरार

12/28/2020 11:24:05 AM

रांचीः झारखंड के जमशेदपुर से गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने रविवार को दाऊद इब्राहिम के करीबी अब्दुल माजिद कुट्टी को गिरफ्तार किया है। जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एम तमिलवानन ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

बताया जा रहा है कि केरल निवासी अब्दुल माजिद कुट्टी पिछले 24 वर्षों से फरार चल रहा था। वह दाऊद का काफी करीबी रहा है। अब्दुल की गिरफ्तारी से दाऊद के कई राज खुल सकते है। गिरफ्तार अब्दुल साल 1996 में 106 पिस्तौल, 750 कारतूस और लगभग चार किलोग्राम आरडीएक्स इकट्ठा करने के अपराध में शामिल था। अन्य आरोपियों को इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका था लेकिन कुट्टी 24 साल से फरार चल रहा था।

बता दें कि गुजरात एटीएस को गुप्त सूचना मिली थी कि अब्दुल माजिद कुट्टी झारखंड के जमशेदपुर में छिपा हुआ है। इसके बाद एटीएस एक टीम को जमशेदपुर भेजा गया जिसने एक ठिकाने से अब्दुल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को कोरोना जांच के लिए भेजा जाएगा और इसके बाद आगे की पूछताछ की जाएगी।

Diksha kanojia