दुमका की सिद्धेश्वरी और नूनबिल नदी पर बनेगा डैम

11/8/2020 3:52:35 PM

दुमकाः झारखंड में दुमका जिले के मसलिया प्रखंड क्षेत्र में सिद्धेश्वर नदी और नूनबिल नदी पर डैम निर्माण की दिशा में राज्य सरकार ने पहल शुरू कर दी है। सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता जल धर मंडल के नेतृत्व में विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को झारखंड में दुमका जिले के मसलिया प्रखंड क्षेत्र में गढ़द्वारी वाटर रिजर्वायर का निरीक्षण किया।

इस मौके पर मुख्य अभियंता मंडल ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सिद्धेश्वरी और नूनबिल नदी के बीच डैम बनाने के मद्देनजर सभी पहलुओं का अध्ययन किया जा रहा है। इस डैम से सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी के अलावा मसलिया प्रखंड में हर घर में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के स्तर से हर खेत को पानी और घर-घर पेयजलापूर्ति मुहैया कराने को लेकर यह प्रयास किया जा रहा है।

मंडल ने बताया कि एकीकृत बिहार और पश्चिम बंगाल सरकार के बीच मसानजोर डैम निर्माण के दौरान किए गए एग्रीमेंट में सिद्धेश्वरी नदी और नूनबिल नदी पर डैम बनाने पर दोनों राज्यों के बीच सहमति बनी थी, लेकिन पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा एकरारनामे के मुताबिक दोनों नदी पर डैम नहीं बनाया गया।

इसलिए राज्य सरकार की पहल पर यहां डैम बनाकर नदी के पानी को संरक्षित कर मसलिया प्रखंड के गढ़द्वारी रिजर्वायर में भेजा जाएगा जिससे पाइप लाइन बिछाकर पूरे प्रखंड क्षेत्र में सिंचाई और पीने के लिए पानी खेतों व घरों तक पहुंचाया जा सकेगा।

Diksha kanojia