आयुक्त जटाशंकर चौधरी बोले- आजीविका गतिविधियों से समृद्ध होगा पलामू

8/21/2021 2:18:06 PM

रांची/डालटनगंजः झारखंड में पलामू के आयुक्त जटाशंकर चौधरी ने कहा कि आजीविका गतिविधियों से पलामू समृद्ध होगा। चौधरी एवं सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा के. पदाधिकारी राजीव कुमार पलामू ने चैनपुर एवं नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड में जेएसएलपीएस से किये जा रहे आजीविका गतिविधियों का शुक्रवार को निरीक्षण किया।

चैनपुर के बसरिया पंचायत के सोकरा गांव में सखी मंडल की दीदियों से मिले और उनके द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। दीदियों ने बताया कि उनके द्वारा महिलाओं को संगठित कर बकरी पालन, मुर्गी पालन की जा रही है। साथ ही लेमन ग्रास की खेती बड़े पैमाने पर की जा रही है। आयुक्त श्री चौधरी ने सखी मंडल की दीदियों को प्रोत्साहित किया और उनके कार्यों एवं उनके आत्मविश्वास को सराहा।

आयुक्त ने सखी मंडल की दीदियों को आजीविका संवर्धन के लिए दाल मिल की स्थापना करने के लिए पहल करने का निर्देश जेएसएलपीएस के डीपीएम को दिया। साथ ही मुनगा की खेती को बढ़ावा देने, लेमन ग्रास का तेल उत्पादन हेतु एक्सट्रक्शन प्लांट स्थापित करने को लेकर डीपीएम जेएसएलपीएस को निर्देशित किया।

Content Writer

Diksha kanojia