CM हेमंत सोरेन ने फहराया तिरंगा, कहा- 6 महीने में भरे जाएंगे स्कूलों में रिक्त पड़े 37 हजार से अधिक पद

8/15/2022 12:13:56 PM

रांचीः देश के 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित मुख्य राजकीय समारोह में आज यहां झंडोत्तोलन किया और परेड की सलामी ली।

राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और प्रयोगशाला सहायक समेत अन्य के 37 हजार से अधिक पद रिक्त है। इन पदों पर नियुक्ति के लिए विशेष अभियान चलाकर 6 महीने में नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। वहीं बिजली क्षेत्र में निरंतर सुधार के साथ ही राज्य के शहरी क्षेत्र को हरा-भरा बनाये रखने के लिए एक पेड़ लगाने पर 5 यूनिट बिजली मुफ्त उपलब्ध कराने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।


सोरेन ने कहा कि सरकारी कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल करने के संबंध में उन्होंने वादा किया था, इस संबंध में कैबिनेट में भी प्रस्ताव पारित हो चुका है, एसओपी निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, शीघ्र ही इसे पूर्णरुपेण लागू कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले खरीफ वर्ष 2021-22 में राज्य में 74.16 लाख टन खाद्यान्न फसल का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ, वर्तमान में खरीफ मौसम में सामान्य से कम वर्षा होने की रिपोर्ट मिल रही है और सरकार स्थिति पर नजर बनाये हुए है तथा केंद्र सरकार से विशेष पैकेज की मांग की गयी है।

वहीं किसानों के आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए झारखंड राज्य फसल राहत योजना संचालित की जा रही है। इस वर्ष भी राज्य में वर्षा कम हुई है, ऐसे में फसल राहत योजना के तहत तत्काल 100 करोड़ रुपये की व्यवस्था की जा रही है।

Content Writer

Diksha kanojia