सर्वदलीय बैठक में बोले CM- झारखंड में संक्रमण के चेन को ब्रेक करने के लिए बहुत जल्द लेंगे फैसला

4/18/2021 4:48:15 PM

 

रांचीः झारखंड में वैश्विक महामारी कोविड-19 से जारी जंग के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को कहा कि कोरोना संक्रमण के चेन को ब्रेक करने के लिए कैसे मजबूत कदम उठाए जाए, इसके लिए राज्य सरकार बहुत जल्द फैसला लेगी।

सोरेन ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित सर्वदलीय बैठक में सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बात सुनने के बाद कहा कि वर्तमान हालात किसी से छिपे नहीं है और उनका मानना है कि सच्चाई छिप भी नहीं सकती। कोरोना संक्रमण का फैलाव एक साल से ऊपर हो चुका है। पूरी दुनिया के विकसित देशों की स्थिति भी बिगड़ी है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार लगातार स्थिति की समीक्षा कर रही है। किस तरह की पाबंदियों से स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका, इस संबंध में देश और विभिन्न राज्यों द्वारा लिए गए निर्णय पर चर्चा कर जल्द ही फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार अपने सीमित संसाधनों से स्थिति से निपटने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Content Writer

Diksha kanojia