CM हेमंत बोले- झारखंड में क्षमता की नहीं बल्कि चेतना की है कमी

1/12/2021 1:56:42 PM

 

रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के निर्माण को प्रदेशवासियों के लंबे संघर्ष का परिणाम बताया और कहा कि झारखंड में क्षमता की नहीं बल्कि चेतना की कमी है।

सोरेन ने राज्य सभा सांसद और अपने पिता शिबू सोरेन के जन्मदिन के अवसर पर उनके संघर्ष से जुड़ी तीन पुस्तकों के लोकार्पण समारोह में सोमवार को कहा कि कुछ लोग अपने संघर्ष की ऐसी छाप लोगों के दिलों में छोड़ते हैं कि उन्हें कागजों में उतारना गौरव की बात होती है। वास्तव में आज का दिन गुरु जी और पुस्तक के लेखक का है। लेखक ने इस वीर भूमि के इतिहास को संजो कर युवाओं के साथ-साथ बच्चों को इतिहास को समझाने का प्रयास किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में हमेशा से संघर्ष की परंपरा रही है। शोषण के खिलाफ हमेशा आवाज उठाई गई। जब देश आजादी के सपने नहीं देखता था। उस समय से यहां के लोगों ने संघर्ष का इतिहास लिखना प्रारंभ किया था। यहां के लोगों में संघर्ष करने की शैली अलग-अलग रही, जिसमें उन्होंने अपनी दक्षता का प्रदर्शन कर जंग जीता है।

Diksha kanojia