CM हेमंत ने रांची कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का किया उद्घाटन, बोले- यह अस्पताल राज्य के लिए माइलस्टोन

5/13/2023 11:59:24 AM

रांची: कल यानी शुक्रवार को शिलान्यास के साढ़े 4 साल बाद रांची कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन हुआ। सीएम हेमंत सोरेन ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर कैंसर चिकित्सा में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस अस्पताल का शुभारंभ किया। मौके पर बतौर विशिष्ट अतिथि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, सीएम की प्रधान सचिव वंदना डाडेल, सीएम के सचिव विनय चौबे समेत अन्य शामिल थे।

कार्यक्रम में टाटा ट्रस्ट और स्टेट आरोग्य सोसाइटी के बीच एमओयू हुआ। आयुष्मान भारत- मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत झारखंड के कैंसर पीड़ित मरीजों का इलाज अब राजधानी रांची में ही हो सकेगा।



इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि काफी वर्षों से राज्य के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई छोटी-बड़ी चीजें जुड़ती आई हैं, लेकिन कैंसर के इलाज से संबंधित सुविधा इस प्रदेश में न के बराबर था। सोरेन ने कहा कि वर्तमान सरकार के गठन के बाद से ही हमने इस निमित्त लगातार प्रयास किया है कि कैंसर पीड़ितों को राज्य में ही बेहतर चिकित्सा व्यवस्था मिले।

आज झारखंड के लिए ऐतिहासिक दिन है। आज टाटा ट्रस्ट्स द्वारा स्थापित रांची कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन हुआ है। रांची कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर देश में आदर्श कैंसर केयर संस्थान के रूप में पहचाना जाए, इसके लिए टाटा ट्रस्ट्स एवं राज्य सरकार आपसी समन्वय बनाकर इस संस्थान को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी। रांची में कैंसर अस्पताल शुरू होने से अब झारखंड में कैंसर मरीजों तथा उनके परिवार के सदस्यों को काफी सुविधा होगी।



मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि बड़ी तादाद में कैंसर मरीज हमारे राज्य से बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों या अन्य शहरों में जाया करते थे। कई बार तो हमने भी अलग-अलग माध्यमों से कैंसर पीड़ित लोगों को बेहतर इलाज के लिए अन्य शहरों में भेजने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कैंसर अस्पताल कैसे बने, कैसे चले, अस्पताल में बेहतर सुविधा मुहैया कैसे कराया जा सके इस निमित्त कई बार विभागीय पदाधिकारियों के साथ मैं स्वयं चिंतन-मंथन करता था।

राज्य सरकार एवं टाटा ट्रस्ट्स के सामूहिक प्रयास से आज वह दिन आया जब एक भव्य कैंसर अस्पताल रांची में खड़ा है। आज यह अस्पताल राज्य की जनता को समर्पित किया जा रहा है। निश्चित रूप से रांची कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र राज्य के लिए माइलस्टोन साबित होगा।

Content Editor

Khushi