CM चंपई ने पश्चिमी सिंहभूम को दी योजनाओं की सौगात, BJP को बताया बहरूपिया

3/17/2024 3:21:23 PM

पश्चिमी सिंहभूम: लोकसभा चुनाव के ऐलान से पहले मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन ने पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा की धरती पर आकर लगभग 2 अरब, 31 करोड़ रुपये की 135 योजनाओं का शिलान्यास और 1 अरब 7 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम ने भाजपा को बहरूपिया बताया।
 
सीएम चंपई ने कहा कि भाजपा को झारखंड में जगह मत दो, नहीं तो हमारी संस्कृति, परंपरा, मानकी-मुंडा व्यवस्था, देशाउली तक को यह पार्टी खत्म कर देगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि परंपरा हमारी पहचान है, लेकिन भाजपा उस परंपरा, देशाउली, सरना धर्म स्थल को खत्म करने के लिए कार्य करती है। आदिवासियों की परंपरा जंगल से जुड़ी है। सीएम ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार वनाधिकार अधिनियम में संशोधन कर आदिवासियों की परंपरा को नष्ट करना चाहती है। अगर भाजपा आदिवासी के हितैषी रहती तो सरना धर्म कोड को नहीं रोकते। भाजपा कभी आदिवासी-मूलवासी का उत्थान नहीं देख सकती है।

सीएम ने कहा कि 2019 में विधानसभा चुनाव में जिस तरह भाजपा का खाता नहीं खुला, उसी तरह इस बार के लोकसभा चुनाव में राज्य में एक भी सीट भाजपा को नहीं मिलेगी। वहीं, बता दें कि सीएम चंपई ने पश्चिमी सिंहभूम में लाभुकों के बीच करीब 173 करोड़ रुपये की परिसंपत्ति भी बांटी। हाटगम्हरिया और घोर नक्सल प्रभावित बंदगांव में कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत डिग्री कॉलेज की आधारशिला भी रखी। 

Content Editor

Khushi