धनबाद के हीरापुर लॉ कॉलेज में ABVP और आइसा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, आधा दर्जन घायल
Thursday, Sep 11, 2025-11:53 AM (IST)

धनबाद: झारखंड के धनबाद के हीरापुर स्थित चिरागोड़ा लॉ कॉलेज में बीते बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और आइसा के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जिसमें लगभग आधा दर्जन कार्यकर्ता घायल हो गए।
घटना धनबाद सदर थाना अंतर्गत दर्ज की गई है। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वे प्रिंसिपल के कमरे में एक मांग पत्र सौंपने गए थे, तभी आइसा के सदस्य पहले से ही वहां मौजूद थे और अचानक उन पर हमला कर दिया। एबीवीपी ने बताया कि इस हमले में उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अलावा, एबीवीपी का कहना है कि आइसा के कार्यकर्ता कॉलेज परिसर में नॉन वेज खाद्य सामग्री का सेवन करते हैं और शिक्षक दिवस के दिन अश्लील गीतों पर डांस कर छात्रों की भावना को ठेस पहुंचाते हैं।
एबीवीपी ने कथित अश्लील डांस और नॉन वेज खाने की फोटो-वीडियो भी मीडिया को सौंपे हैं। दूसरी ओर आइसा के समर्थक आरोप लगा रहे हैं कि एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार किया। प्रिंसिपल ने कहा कि दोनों पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस विवाद की जांच कर रही है, ताकि स्थिति शांत हो और कॉलेज में सुरक्षा बनी रहे। इस घटना ने छात्र संगठनों के बीच तनाव बढ़ा दिया है, जिसका समाधान प्रशासन और कानून व्यवस्था की सख्ती से ही संभव होगा।