Lok Sabha Elections... झारखंड में सभी 14 लोकसभा सीट जीतेगी भाजपा, अजय आलोक का दावा

4/7/2024 9:11:29 AM

 

रांचीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि पार्टी झारखंड में सभी 14 लोकसभा सीट जीतेगी।

अजय आलोक ने यह भी दावा किया कि इस साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा झारखंड में सभी 14 लोकसभा सीट जीतेगी और प्रदेश इकाई प्रमुख बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पार्टी इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव के बाद फिर से सरकार बनाएगी।" उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य की प्रगति का संकल्प लिया।

वहीं पश्चिम बंगाल में एनआईए अधिकारियों पर शनिवार को हुए हमले की आलोचना करते हुए, आलोक ने इसे राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति का पतन करार दिया तथा कलकत्ता उच्च न्यायालय से हस्तक्षेप का आग्रह किया। पूर्व मेदिनीपुर जिले के भूपति नगर में एनआईए अधिकारियों को ले जा रहे एक वाहन पर ग्रामीणों ने उस समय हमला किया जब वे 2022 बम विस्फोट मामले की जांच के लिए वहां गए थे।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए झामुमो महासचिव और केंद्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि उन्हें (भाजपा को) भ्रष्टाचार के बारे में बात नहीं करनी चाहिए। भट्टाचार्य ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार के बारे में भी बात करते हैं, लेकिन वे चुनावी बॉण्ड पर चुप हैं। वर्तमान में, सभी भ्रष्ट नेता भाजपा के साथ हैं।"

Content Writer

Nitika