चतराः बिना मास्क घर से निकलने वालों पर प्रशासन सख्त, विशेष अभियान में कई लोगों पर जुर्माना

7/30/2020 11:51:19 AM

चतराः झारखंड में चतरा जिला प्रशासन ने जिल में कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए विशेष अभियान चला कर बिना मास्क सड़कों पर निकले कई लोगों से जुर्माना वसूला। सूत्रों ने बताया कि विशेष अभियान में बिना मास्क पहने मोटरसाइकिल सवार, थ्री व्हीलर और फोर व्हीलर पर चलने वालों के खिलाफ पांच सौ रुपये का जुर्माना किया गया।

जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों, कुल्लू मोड़ और विकास भवन के समीप प्रखंड विकास पदाधिकारी रंथु दास के नेतृत्व में लगभग 500 वाहन चालकों की जांच की गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान मास्क नहीं पहनने वाले 19 लोगों का चालान काटा गया। साथ ही ऐसा करने वालों की चेतावनी दी गई है कि पहली बार चलान काटा जा रहा है यदि दूसरी बार भी गलती दुहराई गई तो सीधे प्राथमिकी दर्ज होगी।

वहीं, सदर थाना प्रभारी लव कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाके में पुलिस गश्त लगा रही है तथा लोगों को मास्क पहनने के लिए जागरूक भी कर रही है। जो लोग सरकारी आदेश की अवहेलना करते हुए मास्क नहीं पहन रहे है, ऐसे लोगों से जुर्माना वसूला जा रहा है।

Edited By

Diksha kanojia