कांग्रेस इलेक्शन कमिशन के पत्र को चुनौती दे या गलत आरोप पर मांगे माफी: दीपक प्रकाश

6/7/2022 8:02:42 PM

 

रांचीः भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कांग्रेस और झामुमो पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि जनजातीय समाज में भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से सत्ताधारी कांग्रेस झामुमो के कलेजे पर सांप लोट रहा है।

प्रकाश ने मंगलवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस और झामुमो का कलेजा फटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केंद्र की योजनाएं और जनजातीय समाज की पीड़ा को लगातार हल करने में जुटी है इससे जनजातीय समाज में भाजपा का जनाधार बढा है।उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सबसे ज्यादा चुनाव जीत कर आए। जिसमें जनजातीय समाज की संख्या सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि गाँवो में भाजपा की लोकप्रियता बढ़ी है। प्रकाश ने धरती आबा बिरसा मुंडा विश्वास रैली को लेकर कांग्रेस द्वारा आचार संहिता उल्लंघन के लगाए गए आरोप पर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और नेताओं को अचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाने से पूर्व पढ़ लेना चाहिए।

उन्होंने इलेक्शन कमीशन का कागज दिखाते हुए कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष इस कागज को चुनौती दे या गलत आरोप लगाने पर माफी मांगे। उन्होंने कहा कि जेएमएम और कांग्रेस के नेता को जाने क्या हो गया है उनके मुख्यमंत्री और मंत्री गलत फाइल पर साइन कर रहे हैं इससे भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ा है। प्रकाश ने राज्य में आयुष्मान भारत योजना में व्याप्त भ्रष्टाचार पर बोलते हुए कहा कि हेमंत सरकार ने आयुष्मान योजना को भ्रष्टाचार का चारागाह बना दिया है। लगातार भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आ रहे हैं, बावजूद स्वास्थ्य विभाग और स्वास्थ्य मंत्री अब तक कारर्वाई नहीं किया है। उन्होंने कहा कि इस घोटाले में स्वास्थ्य विभाग और स्वास्थ्य मंत्री पूरी तरह से शामिल है।उन्होंने कहा कि झारखंड के पदाधिकारी अपने और अपने परिवार के नाम पर लीज ले रहे हैं। इन पदाधिकारियों के खिलाफ बोलने पर सत्ताधारी दलों के पेट में दर्द होता है। इससे स्पष्ट होता है सरकार इन घोटालों में भी लिप्त है। संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपुजन पाठक और प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित थें।

Content Writer

Diksha kanojia