केंद्र सरकार गैर भाजपा शासित प्रदेशों को कर रही परेशान: हेमंत सोरेन

10/26/2020 5:58:13 PM

दुमकाः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार पर गैर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों को बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया और कहा कि केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार आदिवासी बहुल झारखंड जैसे पिछड़े राज्यों को संरक्षण देने की बजाय परेशान करने की नीयत से उसके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।

सोरेन ने शनिवार को खिजुरिया स्थित आवास में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में केंद्र सरकार द्वारा दामोदर नदी-घाटी परियोजना (डीवीसी) की बकाया राशि की जबरन कटौती किए जाने पर विरोध जताते हुए कहा कि झारखंड के हिस्से का वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), कोयला एवं जमीन के हिस्से के लाखो करोड़ रुपए केन्द्र के पास बकाया है लेकिन केन्द्र सरकार राज्य की बकाया राशि का भुगतान नहीं कर प्रदेश के विकास में अवरोध पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि डीवीसी का पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल का पांच हजार करोड़ रुपए बकाया था।

इसमें से उनके मुख्यमंत्रित्व काल में 1600 करोड़ रुपए और फिर 700 करोड़ रुपए बकाया राशि का भुगतान कर दिया गया। इसके बावजूद केंद्र सरकार ने बकाया राशि काट लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अपना हक और अधिकार लड़ कर लेगा। उन्होंने कहा कि वादा करके उससे मुकरना भाजपा का मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) में शामिल हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा का छुपा हुआ एजेंडा गैर भाजपा शासित राज्यों को कमजोर कर किसी तरह से अपनी सत्ता को बनाए रखने तथा राज्यों की गैर भाजपा नेतृत्व वाली सरकार को अस्थिर कर सत्ता हथियाने की रही है।

Diksha kanojia