उपचुनावः 6 दिनों तक दुमका में रहकर भाई के लिए चुनाव प्रचार करेंगे CM हेमंत

10/27/2020 11:06:38 AM

रांचीः झारखंड में दुमका उपचुनाव को लेकर तीन नवंबर को होने वाले मतदान के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने भाई और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रत्याशी बसंत सोरेन के पक्ष में अगले छह दिनों तक उप राजधानी दुमका में रहकर कई चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।

दुमका उपचुनाव को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की प्रतिष्ठा से जोड़ कर देखा जा रहा है, उनके त्यागपत्र देने के कारण ही इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। झामुमो ने दुमका से मुख्यमंत्री के छोटे भाई बसंत सोरेन को उम्मीदवार बनाया है। हेमंत सोरेन अपने छोटे भाई बसंत सोरेन के पक्ष में अगले छह दिनों तक दुमका उपचुनाव में धुआंधार चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को दोपहर बाद हेलीकॉप्टर से रांची से दुमका के लिए रवाना हुए जो 31 अक्टूबर तक हेमंत सोरेन दुमका में ही करेंगे।

इस संबंध में पार्टी की ओर से चुनाव आयोग के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन से समुचित व्यवस्था कराने का आग्रह किया गया है। हेमंत सोरेन हेलीकॉप्टर से अगले छह दिनों में दुमका के विभिन्न क्षेत्रों में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। पार्टी की ओर से दुमका के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी से हेलीकॉप्टर के उतरने और 26 से लेकर 31 अक्टूबर तक दुमका में रूकने और वहीं से उड़ान भरने की अनुमति प्रदान करने का आग्रह किया गया है। सोरेन पिछले सप्ताह भी दो दिनों तक दुमका में कैंप कर वापस रांची लौटे हैं।

वहीं, दुमका में झामुमो प्रत्याशी के पक्ष में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सह मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता सह मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री बादल, जोबा मांझी समेत कई सांसद और विधायकों ने भी कई छोटे-बड़े चुनावी सभाओं को संबोधित किया है। उप चुनाव को लेकर कई मंत्री और विधायक अब भी क्षेत्र में ही कैंप कर रहे हैं।

Diksha kanojia