डायन होने के शक में महिला को दी दर्दनाक सजा, पिटाई के बाद फेंका खौलता हुआ पानी, 6 आरोपी गिरफ्तार
Monday, Aug 31, 2026-10:41 AM (IST)
गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में डायन होने के शक में एक महिला की पिटाई और उस पर खौलता पानी फेंकने के आरोप में रविवार को छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (SP) आशुतोष शेखर ने बताया कि घटना 22 अगस्त को नगर उंटारी थाना के तहत भोजपुर गांव में हुई थी। उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला (55) की कुछ गांववालों ने पिटाई की और उस पर डायन होने का आरोप लगाया। शेखर ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उस पर खौलता पानी डाल दिया, जिससे वह बुरी तरह जल गई। उन्होंने कहा, ''भारतीय न्याय संहिता और डायन-प्रथा रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज किया गया।
सभी छह आरोपी उसी गांव के रहने वाले हैं। वे फरार थे और उन्हें रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया।'' पुलिस के अनुसार सभी छह आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

