दीपक प्रकाश बोले- झारखंड की होनहार बेटी रूपा को न्याय दिलाकर रहेगी भाजपा

5/8/2021 6:33:46 PM

रांचीः भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश के नेतृत्व में दरोगा स्व रूपा तिर्की के परिजनों से उनके रांची के रातू स्थित घर जाकर शनिवार को सांत्वना दिया। परिजनों ने भाजपा नेताओं को बताया कि रूपा ने आत्महत्या नही बल्कि उनकी निर्मम हत्या की गई है।

परिजनों ने बताया कि हमलोगों के आवेदन पर पुलिस तनिक भी विचार नही कर रही है। हम लोगों ने रूपा की हत्या को लेकर आवेदन दिया था जिसमे पंकज मिश्रा के नाम को नामजद बनाया था परंतु वहां की पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर आत्महत्या का नाम दे दिया और आज तक पंकज मिश्रा को पूछताछ के लिए पुलिस ने नही बुलाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश ने सांत्वना देते हुए कहा रूपा सिर्फ एक परिवार की बेटी नही, पूरे समाज एवं राज्य की बेटी है। रूपा को न्याय दिलाने तक पूरी भाजपा परिवार रूपा के परिजनों के साथ हमेशा खड़ी है।

प्रकाश ने कहा कि इस घटना के संदर्भ में बात करने पर पुलिस-प्रशासन द्वारा अनदेखा किया जा रहा है।इससे स्पष्ट होता है कि इस मामले की लीपा-पोती करने की कोशिश की जा रही है। प्रकाश ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के इस अवमानना के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एक बड़े व्यक्ति को बचाने के लिए इस घटना को ठंडे बस्ते में डालने में लग गयी है।भाजपा का प्रण है कि रूपा के हत्या में जो-जो भी दोषी है उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलवा के रहेगी।

भाजपा परिवार सीबीआई जाँच की मांग को लेकर पूरे प्रदेश में कोविड प्रोटोकॉल के तहत आंदोलन कर रही है। उन्होंने कहा कि कल तक भाजपा के सभी विधायक एवं सांसद राज्यपाल को मेल करके सीबीआई जांच करने की मांग करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, प्रदीप वर्मा, अशोक बड़ाईक, आरती कुजूर, सुरेंद्र महतो, मंजुलता दुबे, अजय तिवारी, राजेश सिंह, सहित कई शामिल थे।

Content Writer

Diksha kanojia