बाबूलाल को नेता प्रतिपक्ष घोषित करने की मांग को लेकर BJP ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

8/8/2020 1:18:09 PM

रांचीः झारखंड में भाजपा ने पार्टी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी को अविलंब नेता प्रतिपक्ष घोषित करने की मांग को लेकर राज्यपाल दौपद्री मुर्मू से मिलकर ज्ञापन सौंपा। साथ ही उनसे हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंप कर मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू एवं डॉ. प्रदीप वर्मा भी शामिल थे।

लोकतंत्र की हत्या कर रही हेमंत सरकार
राज्यपाल से मिलकर लौटने के बाद प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। नेता प्रतिपक्ष की घोषणा को लेकर सरकार की मंशा ठीक नही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन प्रतिपक्ष के नेता के बिना ही विधानसभा का संचालन चाहते हैं। मुख्यमंत्री के बयानों में कई बार उनकी यह मंशा उजागर हो चुकी है। ऐसा लगता है कि सरकार के इशारे पर विधानसभा अध्यक्ष भी नेता प्रतिपक्ष की घोषणा नहीं कर रहे।

दीपक प्रकाश ने राज्यपाल से हस्तक्षेप की गुहार लगाते हुए कहा कि बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने वाली झाविमो का 11 फरवरी 2020 को भाजपा में विधिवत विलय हो चुका है। करीब एक महीने बाद 6 मार्च 2020 को चुनाव आयोग ने इस विलय की मान्यता प्रदान कर दी है।

Nitika