BJP सांसद का तीखा प्रहार- हेमंत सरकार में बढ़ा दुष्कर्मियों का मनोबल

7/26/2021 10:08:31 AM

रांचीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने राज्य में गिरती विधि व्यवस्था को लेकर हेमंत सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए रविवार को कहा कि इस सरकार में अपराधियों और बलात्कारियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है।

प्रकाश ने शनिवार की रात साहेबगंज जिलान्तर्गत बड़हरवा में एक आदिवासी युवती के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिस जिले से मुख्यमंत्री स्वयं प्रतिनिधि चुनकर आये हों, वहां बार-बार बहन एवं बेटियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं होना राज्य की गिरती विधि व्यवस्था को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। अपराधियों को पुलिस और प्रशासन का संरक्षण प्राप्त है।

भाजपा नेता ने कहा कि हेमंत सरकार के करीब डेढ़ वर्षों के शासनकाल में ही राज्य में हुई 2300 से अधिक बलात्कार की घटनाओं ने राज्य को शर्मसार किया है। उन्होंने राज्य सरकार से घटना में संलग्न अपराधियों पर अविलंब कठोर कारर्वाई करने की मांग की।

Content Writer

Diksha kanojia