"भाजपा का संगठन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है", JMM का हमला

Monday, Jun 23, 2025-05:19 PM (IST)

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य डॉ. तनुज खत्री ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा का संगठन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। डॉ. खत्री ने कहा कि दिसंबर 2024 से भाजपा का संगठनात्मक चुनाव लटका पड़ा है और सात महीने बाद भी 517 प्रखंड अध्यक्ष नहीं बने, जिला अध्यक्ष नहीं है और पार्टी पूरी तरह से नेतृत्वविहीन हो चुकी है। ऐसे में 264 प्रखंडों में प्रदर्शन का ऐलान करना भाजपा की राजनीतिक नौटंकी के अलावा कुछ नहीं है।

डॉ. खत्री ने कहा कि भाजपा आज प्रखंडों में प्रदर्शन करने की बात कर रही है, लेकिन जिन प्रखंडों में अध्यक्ष तक नहीं है, वहां प्रदर्शन कैसे और कौन करेगा? ये सब सिर्फ अंदरूनी अव्यवस्था को ढंकने और जनता को भ्रमित करने का खेल है। डॉ. खत्री ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को एक साथ नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया है। ये साफ संकेत है कि भाजपा के पास कोई दूसरा भरोसेमंद चेहरा या नेतृत्व नहीं बचा है। भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी इन्हीं कारणों से अभी तक नहीं बन पाया है। पार्टी खुद को नहीं संभाल पा रही, फिर राज्य को क्या दिशा देगी?

डॉ. खत्री ने कहा कि भाजपा की राजनीति अब मुद्दों पर नहीं, विरोध के नाम पर शोर मचाने में सिमट गई है। उन्हें न जनता की परवाह है, न राज्य के विकास की चिंता। हर बार चुनाव के पहले जनता की याद आती है और बाकी समय दिल्ली और रांची में सिरफुटौव्वल चलती रहती है। डॉ. खत्री ने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व के सामने भाजपा के पास कोई मजबूत चेहरा नहीं है। यही कारण है कि झारखंड की जनता ने लगातार दो बार भाजपा को पूरी तरह सत्ता से बाहर रखा। भाजपा के शासनकाल में सिर्फ झूठे वादे हुए, संसाधनों की लूट हुई और जनता के हितों की अनदेखी हुई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static