भाजपा का आरोप- JMM के नेता सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ा रहे धज्जियां

7/27/2020 12:30:40 PM

दुमकाः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता एवं झारखंड की पूर्व मंत्री डॉ. लुईस मरांडी ने रविवार को दुमका बस पड़ाव में झारखंड मुक्त मोर्चा (झामुमो) के राहत सामग्री वितरित किए जाने के दौरान सामाजिक दूरी के नियमों की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाया है।

इसी क्रम में मरांडी ने राज्य सरकार से नियमों का उल्लघंन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की। डॉ. मरांडी ने कहा कि राज्य की झामुमो सरकार एक ओर मास्क नहीं लगाने पर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाने और दो साल जेल की सजा की बात करती है। वहीं दुमका में उनकी पार्टी के कार्यकर्ता ही सरकार के नियमों की धज्जियां उड़ाते दिख रहे हैं।

पूर्व मंत्री ने कहा कि दुमका के गरीबों के साथ छलावा करने वाले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपने कार्यकर्ताओं पर भी कार्रवाई करने की हिम्मत दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जिला प्रशासन द्वारा सामग्री वितरण की अनुमति दी गई थी तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

Edited By

Diksha kanojia