महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों को लेकर BJP के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

10/20/2020 12:57:44 PM

रांचीः झारखंड भारतीय जनता पार्टी (BJP) अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को यहां राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और कानून व्यवस्था की गिरती स्थिति को लेकर ज्ञापन सौंपा।

राज्यपाल से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश ने कहा कि आज राज्य विषम परिस्थितियों से गुजर रहा है। पूरे प्रदेश में भय एवं आतंक का वातावरण है। बलात्कार एवं महिला अत्याचार की घटनाएं चरम पर है। हेमंत सोरेन सरकार के पिछले दस महीने के कार्यकाल में प्रदेश में 1200 से ज्यादा बलात्कार की घटनाएं घटी हैं। प्रतिदिन पांच बलात्कार और हत्या की घटनाएं आम बात हो गई है।

भाजपा सांसद ने कहा कि आदिवासी कल्याण की दम्भ भरने वाली सरकार में बलात्कार और हत्या की सर्वाधिक शिकार आदिवासी और दलित समाज की नाबालिग बेटियां हैं। चाहे वह गिरिडीह जिलान्तर्गत राजधनवार की घटना जिसमे जांच की लापरवाही पर माननीय उच्च न्यायालय ने सरकार को कड़ी फटकार लगाई है, चाहे रांची पुलिस गेस्ट हाउस की घटना हो जिसपर स्वयं राज्यपाल महोदया ने संज्ञान लिया।

मुख्यमंत्री के विधान सभा क्षेत्र बरहेट की आदिवासी नाबालिग के साथ दुष्कर्म और फिर हत्या या दूसरे दिन राज्य की उपराजधानी में पांचवी की छात्रा के साथ हुई दरिंदगी और हत्या ने राज्य को बहुत शर्मसार किया है। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू एवं रांची की महापौर आशा लकड़ा शामिल थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Diksha kanojia

Recommended News

Related News

static