Bird Flu! स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता बोले- डरने की जरूरत नहीं है, बर्ड फ्लू में मैं ज्यादा चिकन खाता हूं

3/4/2023 4:17:26 PM

रांची: झारखंड में बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ रहा है। अब तक हजारों मुर्गियों की मौत हो चुकी है। कई हजार संक्रमित मुर्गियों को मारा गया है। एक तरफ विशेषज्ञ यह पूरा प्रयास कर रहे हैं कि यह खतरा दूसरे राज्यों तक ना फैले। वहीं, दूसरी ओर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बर्ड फ्लू को लेकर बयान दिया है, जिस पर बवाल हो गया है।

'बर्ड फ्लू में हम ज्यादा मुर्गा खाए हैं"
उन्होंने कहा कि ताजा हालात को देखते हुए पशुपालन मंत्री इस पर संज्ञान लेंगे। इसमें जरूरी कार्रवाई करेंगे। मंत्री ने कहा, अरे कोई डरने की जरूरत नहीं है। जब- जब बर्ड फ्लू आया है। तब- तब हम ज्यादा मुर्गा खाए हैं। उसको ज्यादा आग में भून कर खाना है। स्वास्थ्य मंत्री का यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री के इस बयान पर विपक्षी नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस बढ़ते खतरे को लेकर सरकार गंभीर नहीं है।

बर्ड फ्लू के आने से चिकन की बिक्री पर पड़ रहा असर
बता दें कि बर्ड फ्लू के आने से चिकन की बिक्री पर असर पड़ रहा है। लोग डर के मारे चिकन का सेवन नहीं कर रहे हैं। राज्य पशुपालन निदेशक, चंदन कुमार ने इन्फेक्शन फैले क्षेत्र के 1 किमी के दायरे को प्रभावित क्षेत्र घोषित करके पक्षियों को मारने के लिए पहचान करने का निर्देश दिया है। वहीं, 10 किमी के दायरे के क्षेत्रों को निगरानी क्षेत्र घोषित किया जाएगा।

Content Editor

Khushi