धनबाद में बीसीसीएल के अभियंता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

1/25/2021 11:20:33 AM

 

धनबादः झारखंड में धनबाद स्थित भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) सीवी एरिया की दहीबाड़ी परियोजना में पदस्थापित एक सहायक प्रबंध अभियंता (इलेक्ट्रिक एंड मैकेनिकल) ने आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने रविवार को बताया कि स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर बराकर थाना क्षेत्र में एक घर में फंदे से लटका शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान विपिन कुमार के रूप में की गयी है जो बीसीसीएल में कार्यरत थे। शव को पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि इस सिलसिले में संबंधित थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।बताया जाता है कि रविवार सुबह जब घरेलू नौकरानी काम करने वाली आई तो दरवाजा खटखटाने के बाद भी नहीं खुला। इसके बाद वापस चली गई। फिर करीब 10 बजे गई तो दरवाजा नहीं खुलने पर आसपास लोगों को जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय पुलिस ने आकर दरवाजा तोड़ा। घर के अंदर सहायक अभियंता का शव बरामद किया गया। इसके बाद बीसीसीएल अधिकारियों और विपिन कुमार के घरवालों को जानकारी दी गई। विपिन कुमार ने 2017 में बीसीसीएल में योगदान दिया था। उनकी पत्नी डॉ. पारूल सिंह लखनऊ में चिकित्सक हैं। मृतक अभियंता की चार माह की बच्ची है। दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी। दिसंबर माह में पत्नी यहां बच्चे के साथ आई थीं। विपिन ने नया साल का सेलिब्रेशन पत्नी के साथ ही किया। इसके बाद पत्नी बच्ची के साथ लखनऊ चली गई।

Diksha kanojia