बाबूलाल मरांडी ने बंद पड़े खदानों से अवैध खनन के कारण हो रही दुर्घटना पर जताया दुख, हेमंत सरकार पर बोला हमला
Saturday, Feb 28, 2026-04:26 PM (IST)
Ranchi News: झारखंड विधानसभा बजट सत्र के आठवें दिन पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी विधानसभा परिसर में मीडियाकर्मियों से मुखातिब हुए। मरांडी ने राज्य में बंद पड़े खदानों से अवैध खनन के कारण हो रही दुर्घटना पर दुख जताया।
"अवैध माइनिंग में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए"
मरांडी ने कहा कि आश्चर्य की बात यह है कि विधानसभाध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो को यह पता नहीं है कि उनके विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन हो रहा है। मरांडी ने कहा कि नाला विधानसभा क्षेत्र में बंद पड़े खदान से अवैध माइनिंग के दौरान दुर्घटना हुई है और उसमें कई लोगों के मारे जाने की सूचना है। वह बेहद ही दुखद है और सरकार को अभी भी चेतना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस घटना में मारे गए लोगों की संख्या की सूचना अलग-अलग तरह से आ रही है। मरांडी ने कहा कि अवैध माइनिंग में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए और गिरफ्तारी होनी चाहिए, ताकि इस तरह के अवैध माइनिंग की रोकथाम हो सके।
"विपक्ष पूरी तरह से सक्रिय है"
मरांडी ने चतरा में हुए एयर एंबुलेंस हादसे को लेकर सरकार से इस हादसे में कितने लोगों को लाभ मिला, इसे सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कल भी हमने यह मांग की थी कि एयर एंबुलेंस से कितने मरीजों को लाभ पहुंचा है, यह जनता को बताना चाहिए, लेकिन संख्या बताने के बजाय सत्तारूढ़ दल के नेता उनके ही बयान को काटने में लगे हैं।
मरांडी ने कहा कि 2023 से एयर एंबुलेंस चल रहा था तो उस समय से अब तक कितने लोगों को इसका लाभ मिला और सब्सिडी मिली, इसे सरकार को सार्वजनिक करना चाहिए। पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विपक्ष पूरी तरह से सक्रिय है और सदन में सरकार को स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्दों पर सवाल पूछ रही है और घेरने का काम किया जा रहा है।

