धनबाद में हड़ताल पर गए ऑटो चालक, शहर की रफ्तार पर लगी ब्रेक

12/22/2020 6:26:47 PM

 

धनबादः झारखंड में धनबाद शहर के ऑटो चालकों के सोमवार देर रात से हड़ताल पर चले जाने के कारण आज सुबह से शहर की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है।

जानकारी के अनुसार, धनबाद शहर के ऑटो चालक 21 दिसंबर की देर रात से ही हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल से शहर की रफ्तार थम गई है। लोगों को ऑटो के बजाय पैदल चलकर फासला तय करना पड़ रहा है। ऑटो हड़ताल का फायदा धनबाद रेलवे स्टेशन के टैक्सी वालों ने उठाना शुरू कर दिया है। बाहर से आने वाले यात्रियों से दो गुना तक किराया वसूल रहे हैं। धनबाद रेलवे स्टेशन से झरिया का किराया 400 से 500 रुपए की मांग की जा रही है।

कोरोना काल में ऑटो का न्यूनतम किराया बढ़ाकर 10 रुपए कर दिया गया था। किराया बढ़ने के साथ ही यह भी तय हुआ था कि ऑटो चालक अब सीमित संख्या में ही यात्रियों को ही बिठाएंगे। चालकों ने बढ़ा किराया लेना शुरू कर दिया पर शारीरिक दूरी का ख्याल रखना भूल गए।

इस वजह से जिला प्रशासन ने फिर से पुराना किराया लागू करने की बात कह दी है। पुराना किराया लागू हुआ तो न्यूनतम किराया 10 रुपए की बजाए छह रुपए ही होगा। प्रशासन का यह फैसला ऑटो चालकों को नागवार गुजरा है और उन्होंने अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल की घोषणा कर दी।

Diksha kanojia