भाजपा कार्यकर्ता महिला की गला रेत कर हत्या का प्रयास, बोलने का किया जा रहा इंतजार

12/3/2022 12:55:25 PM

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ता की गला रेतकर हत्या करने की कोशिश की गई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस महिला के बोलने का इंतजार कर रही है ताकि स्पष्ट जानकारी मिल सके।

महिला की हत्या का प्रयास
मामला जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के कंडसार गांव है। बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार की रात 11 बजे 30 वर्षीय संजू देवी शौच के लिए घर के बगल के खेत में गई थी। इस दौरान शोर सुनकर स्थानीय लोग अपने घरों से निकले तो देखा कि महिला के गले से खून बह रहा है और उसके कपड़े खून से लथपथ है। उसके गर्दन के हिस्से में धारदार हथियार से रेतने के निशान है और उसके एक हाथ की उंगली भी कटी हुई थी। आनन-फानन में घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने इजाल के बाद महिला को खतरे से बाहर बताया है। डॉक्टरों का कहना है कि जख्म गले के बाहरी हिस्से में है जो राहत की बात है।

पुलिस कर रही महिला के बोलने का इंतजार
बता दें कि घायल महिला भाजपा कटकमसांडी पूर्वी मंडल की महिला विंग की सक्रिय कार्यकर्ता है। घटना के बाद महिला कुछ बोल नहीं पा रही है। पुलिस भी महिला के बोलने का इंतजार कर रही है। वहीं, घटना की जानकारी सदर विधायक मनीष जायसवाल को मिली और उन्होंने तुरंत अपने मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी को अस्पताल भेजकर इलाज में मदद का निर्देश दिया। इधर, रंजन चौधरी सहित कंदसार के पूर्व मुखिया सह भाजपा के वरिष्ट कार्यकर्ता रामकुमार मेहता राकेश सिंह ने अस्पताल पहुंच कर घायल महिला का इलाज कराया।
 

Content Editor

Khushi