झारखंड के सभी बूथों पर मनेगी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती

12/24/2020 2:26:53 PM

रांचीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती झारखंड के सभी बूथों पर मनाई जाएगी।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने बुधवार को बताया कि झारखंड राज्य के निर्माता वाजपेयी की जयंती पर 25 दिसंबर को केंद्र सरकार द्वारा झारखंड के 30 लाख किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि के हस्तांतरण से किसान के घरों में खुशियों का संचार होगा। यह सौभाग्य की बात है कि इस वर्ष इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से देश के करीब नौ करोड़ किसानों के खाते में 18 हजार करोड़ राशि का हस्तांतरण डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।

साहू ने मंडल में आयोजित होने वाले जयंती एवं किसान सम्मान निधि कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मंडलों में 11 बजे पूर्वाह्न किसान सम्मान निधि हस्तांतरण कार्यक्रम से पूर्व वाजपेयी के चित्र पर माल्यापर्ण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। तत्पश्चात वक्ताओं के द्वारा उनके व्यक्तित्व पर चर्चा, कृषि कानून पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के पत्र का वितरण एवं वाचन होगा। इसके बाद सभी मंडलों में एलईडी स्क्रीन पर किसान प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनेंगे।

Diksha kanojia