केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां छिन्नमस्तिके मंदिर में की पूजा-अर्चना

5/17/2022 12:15:30 PM

रामगढ़ः प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर में सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा के दिन केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने पूजा-अर्चना की। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण और पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी चौबे सोमवार को रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचकर मां की पूजा की। बाद में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पूरा विश्व कोरोना जैसी महामारी से त्रस्त है।

भारत में भी इसका व्यापक असर पिछले 3 वर्षों में रहा है। मां से प्रार्थना करते हैं कि इस वैश्विक महामारी से भारत वासियों और विश्व के तमाम लोगों को निजात दिलाएं। चौबे ने कहा कि मां छिन्नमस्तिका दरबार प्रकृति की गोद में बसा हुआ है। यहां की अनुपम छटा लोगों को मंत्रमुग्ध कर देती है। उनकी बड़ी तमन्ना थी कि वे माता के दर्शन करें। यही वजह है कि आज अपने समर्थकों के साथ पूजा करने आए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने झारखंड में भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर हेमंत सरकार पर हमला बोला और कहा कि भ्रष्टाचार के आकंठ डूबे अधिकारियों को केंद्र सरकार किसी भी हाल में नहीं छोड़ने जा रही है। झारखंड के एक आईएएस के घर में करोड़ों रुपए एक काला धन के रूप में बरामद किया गया है। अभी तो यह शुरुआत है। भ्रष्टाचार का खात्मा ही भाजपा का मुख्य उद्देश्य है।

Content Writer

Diksha kanojia