महंगाई, भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा के खिलाफ चरम पर है पूरे देश में गुस्साः कांग्रेस अध्यक्ष

10/13/2021 1:24:03 PM

 

रांचीः झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने पाटर्ी के आंदोलन को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश द्वारा नौटंकी करार दिए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस के आंदोलन के कारण भाजपा भीतर तक हिल गई है।

भाजपा की मंशा तानाशाही तरीके से देश की सत्ता को संचालित करने की है। यूपी की घटना ने इसे प्रमाणित कर दिया है। पूरा तंत्र स्वाभाविक तरीके से विरोध करने जुटे लोगों पर अत्याचार करने में जुटा रहा। हत्या के दोषियों को भाजपा की सरकार संरक्षण दे रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के आह्वान पर पूरे देश से जब लोग आने लगे तो भाजपाई बौखला गए। इनकी भाषा से स्पष्ट है कि ये गांधीवादी और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन के कभी पक्षधर नहीं रहे। भाजपा नेताओं की मानसिकता फ़ासीवादी है और ये इसी ढर्रे पर देश को आगे बढ़ाना चाहते हैं।

ठाकुर ने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता की पोषक भाजपा के खिलाफ पूरे देश में गुस्सा चरम पर है। झारखंड की जनता ने इन्हें पहले ही नकार दिया है। इन्हें अब कोई मुद्दा नहीं मिल रहा है तो सांप्रदायिक एजेंडा आगे कर रहे हैं। जनता इनकी असलियत जानती है। झारखंड को भाजपा ने रसातल में धकेल दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा विकास कार्यक्रमों को बड़े पैमाने पर लागू करने से भाजपा नेताओं को परेशानी हो रही है।

Content Writer

Diksha kanojia