हेमंत सोरेन बोले- अमृत वाहिनी पोर्टल और ऐप बनने लगा संक्रमितों के लिए सहायक

5/10/2021 2:09:42 PM

 

रांचीः झारखंड में कोरोना संक्रमण से निपटने और संक्रमित लोगों को राहत देने का प्रयास अब परिणाम दिखाने लगा है। इन्हीं प्रयासों के तहत बीते सात मई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अमृत वाहिनी वेब पोर्टल और ऐप लॉन्च किया था। इस पोर्टल और ऐप से कोविड के मरीजों को राज्य के विभिन्न अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड की जानकारी व बुकिंग कराने की सुविधा दी गई है। ऐसे में सरकार की इस नई पहल से मरीजों एवं उनके परिजनों को काफी राहत मिली है।

अमृत वाहिनी पोर्टल पर अभी तक कुल 23,575 लोगों ने विजिट किया है। वहीं इसके द्वारा 356 मरीजों ने अस्पतालों में बेड की बुकिंग कराई है। इसके अलावा चैट बॉक्स पर 37,375 लोगों ने चैट के जरिए जरूरी जानकारियां हासिल की है। मरीजों ने कोविड से संबंधित चिकित्सीय परामर्श, प्लाज्मा दान, आहार चार्ट से संबंधित जानकारी प्राप्त की है। पूरे राज्य में रोजाना आने वाले संक्रमितों की संख्या में धीरे-धीरे कमी आ रही है। वहीं, कोविड की वजह से होने वाली मौतों की संख्या भी घटी है। अस्पतालों के चक्कर काटने वालों की संख्या में काफी कमी आई है। मरीजों को घर बैठे ही समुचित जानकारी मिल रही है। जिन्हें बेड चाहिए वे घर बैठे ही बुकिंग करा पा रहे हैं।

ऑक्सीजन की उपलब्धता सहित अन्य जानकारियां भी मिल रही है। अमृतवाहिनी एवं चैटबॉट का अभी तक 37,000 से अधिक लोगों ने फायदा उठाते हुए आवश्यक जानकारियां हासिल की हैं। मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि उन्हें यह बताया गया है कि अभी तक 356 लोगों ने इसके माध्यम से अस्पतालों में बेड भी ऑनलाइन बुक कराया है। कृपया आवश्यकता होने पर राज्य सरकार की इस पहल का लोग लाभ अवश्य लें।

Content Writer

Diksha kanojia