आजसू अध्यक्ष बोले- सरदार वल्लभभाई पटेल ने भारत को एक विराट, अखंड व मजबूत धागे में पिरोया

11/1/2021 10:49:25 AM

 

रांचीः आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि स्वतंत्रता आंदोलन और अखंड, आधुनिक भारत के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान बेहद महत्वपूर्ण तथा उत्कृष्ट रहा है। अपने प्रखर व्यक्तित्व और अदम्य साहस, अपूर्व संगठन शक्ति से भारत को एक विराट और मजबूत धागे में पिरोने वाले वल्लभभाई पटेल के आदर्श और विचार युगों तक अमिट रहेंगे।

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर झारखंड विधानसभा के पुराने भवन के सामने स्थित पटेल की मूर्ति पर माल्यार्पण करते हुए उन्होंने रविवार को ये बातें कही। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन को वैचारिक तथा क्रियात्मक तौर पर नई दिशा देने वाले सरदार वल्लभभाई पटेल का देशी रियासतों के एकीकरण और अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान उनकी शख्सियत को महान बनाता है।

राष्ट्रीय एकता के प्रति उनकी निष्ठा का हम सभी को अमुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल को लौह पुरूष के रूप में जाना जाता है। और यह उपाधि उन्होंने अपने मजबूत इरादे, नीतिगत द्दढ़ता और आंदोलन के बूते हासिल की। वे देश के पहले गृह मंत्री बने। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देशी रियासतों के एकीकरण में उनका नाम गर्व से लिया जाता है।

महतो ने कहा कि समाज सुधारक के तौर पर भी उनकी छवि उभरती रही। उनके जीवन दर्शन और विचार लाखों-करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बना रहेगा। इस मौके पर पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने कहा कि पटेल की जयंती पर हम सभी को उनके विचार तथा आदर्श को अपनाये रखने का संकल्प लेना चाहिए। उनके प्रति यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस मौके पर पूर्व डीआईजी सुबोध प्रसाद, आजसू पार्टी रांची महानगर अध्यक्ष ज्ञान सिन्हा, पटेल संघ के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।

Content Writer

Diksha kanojia