आजसू ने एक बार फिर चंद्रप्रकाश चौधरी पर जताया भरोसा, गिरिडीह लोकसभा सीट से बनाया उम्मीदवार

3/30/2024 10:06:34 AM

Ranchi: एनडीए गठबंधन में गिरिडीह की सीट आजसू के खाते में आई है। पार्टी ने घोषणा करते हुए चंद्रप्रकाश चौधरी को दोबारा गिरिडीह लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। आजसू संसदीय बोर्ड की बैठक में फैसले पर मुहर लगी।

आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने गिरिडीह लोकसभा से उम्मीदवार की घोषणा करते हुए कहा कि झारखंड के सभी लोकसभा क्षेत्र में आजसू मजबूती से लड़ेगा। सभी लोकसभा क्षेत्र में सम्मेलन होगा। साथ ही गांडेय के लिए 5 सदस्य टीम का गठन किया गया है। इसकी रिपोर्ट के आधार पर हम लोग आगे बढ़ेंगे। सुदेश महतो ने कहा कि एनडीए राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटों पर कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि विकसित झारखंड के लक्ष्य को जनता के सहयोग से हम सभी को मिलकर पूरा करना होगा।

बता दें कि झारखंड में आजसू बीजेपी की अगुवाई वाली एनडीए गठबंधन की सहयोगी है। पिछले लोकसभा चुनाव में चौधरी ने भारी अंतर से जीत हासिल की थी। सुदेश महतो ने दावा किया कि इस बार भी गिरिडीह लोकसभा सीट आजसू पहले से ज्यादा अंतर के साथ जीतेगी।
 

Content Editor

Khushi