झारखंड में महिला की पत्थरों से कुचलकर हत्या, एक ही परिवार के तीन सदस्य गिरफ्तार
Thursday, Mar 12, 2026-10:34 AM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के साहिबगंज जिले में बुधवार को दो पड़ोसियों के बीच जमीन विवाद को लेकर 40 वर्षीय एक महिला की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस सिलसिले में अब तक दो महिलाओं समेत एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना बोरियो थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले बंझी फुटानी हाट इलाके में हुई। सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की ने बताया, ''पीड़िता संझली देवी की दो पड़ोसियों के बीच जमीन विवाद के चलते पत्थरों कुचलकर से हत्या कर दी गयी। पुलिस ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक पुरुष और उसकी दो बेटियां शामिल हैं।'' शव को साहिबगंज सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एसडीपीओ ने बताया कि पीड़िता के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने इस संबंध में पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। तिर्की ने बताया कि दो अन्य आरोपी फरार हैं और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

