सरायकेला-खरसांवा में एक महिला और उसकी 3 साल की बेटी ने की आत्महत्या

Thursday, Jun 23, 2022-06:14 PM (IST)

 

सरायकेलाः झारखंड के सरायकेला-खरसांवा जिले में बृहस्पतिवार को एक महिला और उसकी तीन साल की एक बेटी एक पेड़ पर फांसी पर लटकी मिलीं। पुलिस ने बताया कि गुट्टुसाई गांव में दोनों ही सड़क किनारे नीम के पेड़ पर दुपट्टे से फांसी पर लटकी मिलीं।

राजनगर थाने के प्रभारी अधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि 25 वर्षीय इस महिला को सुबह में अपने घर के समीप एक कुएं से पानी निकालते हुए देखा गया था। उन्होंने कहा कि यह पता किया जाना बाकी है कि उनकी मौत के कारण क्या हैं, फिलहाल दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला-खरसांवा अस्पताल ले जाये गये हैं।

कुमार ने बताया कि महिला के पति को हिरासत में ले लिया गया है, जो शव मिलने के समय सो रहा था। उन्होंने कहा कि इस बात की पुष्टि के लिए हम पोस्टमार्टम रिपोर्ट की बाट जोह रहे हैं कि यह आत्महत्या थी या हत्या।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Diksha kanojia

static