झारखंड के Giridih में रिवॉल्वर की नोक पर लूट, ज्वेलर से लाखों के आभूषण छीनकर फरार हुए अपराधी

Sunday, Mar 01, 2026-11:09 AM (IST)

Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड स्थित भरकट्टा ओपी क्षेत्र में बीते शनिवार शाम करीब आठ बजे एक सोनार व्यवसायी से हथियार के बल पर लूट की घटना सामने आई है। अपराधियों ने व्यवसायी से साढ़े तीन लाख रुपये नकद और करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे शिवशंकर
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित व्यवसायी शिवशंकर सरिया स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उनका पीछा किया। बताया जा रहा है कि तीन अपराधी एक बाइक पर सवार होकर सरिया से ही उनके पीछे लगे हुए थे। भरकट्टा ओपी क्षेत्र के भलुवा गांव के पास सुनसान जगह पर अपराधियों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद एक अपराधी ने उनके कान पर रिवॉल्वर सटा दी। डर के कारण शिवशंकर कुछ भी नहीं कर सके। अपराधियों ने उनकी बाइक की चाबी और मोबाइल फोन भी छीन लिया।

पुलिस आसपास के इलाकों में जांच कर रही
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनकी बाइक की डिक्की में एक बैग रखा था, जिसमें साढ़े तीन लाख रुपये नकद और करीब चार लाख रुपये के जेवरात थे। अपराधी बैग लेकर फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा। घटना के बाद किसी तरह शिवशंकर भरकट्टा ओपी पहुंचे और ओपी प्रभारी अमन सिंह को पूरी जानकारी दी। पुलिस आसपास के इलाकों में जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static