झारखंड में देर रात गोलीकांड, घात लगाए बदमाशों ने युवक पर बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां, इलाके में दहशत
Thursday, Feb 26, 2026-11:06 AM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के बिरनी थाना क्षेत्र में बीते बुधवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घायल युवक को पहले गिरिडीह सदर अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घात लगाए बदमाशों ने की फायरिंग
दरअसल, बीते बुधवार रात बिरनी थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान पूर्णानगर निवासी नंदकिशोर माली के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना करमाटांड़ और बरमसिया के बीच जंगल इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि नंदकिशोर किसी काम से उस रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनकी कमर में लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े।
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए धनबाद रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बिरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल गोलीबारी के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

