सरायकेला-खरसावां में देर रात धमाका, घर की दीवार पर बम लगाकर उड़ाया
Monday, Mar 09, 2026-12:58 PM (IST)
Jharkhand News: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में देर रात एक घर की दीवार पर बम से विस्फोट किए जाने की घटना सामने आई है। इस धमाके से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार घटना कपाली ओपी क्षेत्र के गौस नगर फुटबॉल मैदान के पास की है। यहां मेहरून बीबी के घर की दीवार पर देर रात अज्ञात बदमाशों ने बम लगाकर विस्फोट कर दिया। बताया जा रहा है कि यह घटना रात करीब 2 बजे की है। घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद जसिम अशरफी ने पुलिस को बताया कि देर रात अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा कमरा धुएं से भर गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि कमरे में रखा कूलर भी अपनी जगह से दूर जा गिरा। उस समय घर की बुजुर्ग महिला मेहरून बीबी उसी कमरे में सो रही थीं। हालांकि राहत की बात यह रही कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। धुआं छंटने के बाद देखा गया कि पलंग के पास दीवार में बड़ा छेद हो गया है। बाद में घर के पीछे मैदान की ओर जाकर देखने पर पता चला कि दीवार के पास ही विस्फोट किया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विस्फोट में किस तरह के बम या विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। साथ ही घटना में शामिल अज्ञात बदमाशों की तलाश भी जारी है।

