50 हाथियों के झुंड ने NH 23 पर जमकर मचाया उत्पात, करंट लगने से एक हाथी की मौत

10/30/2022 5:20:38 PM

रामगढ़: झारखंड में हाथियों का आतंक रुकने का नाम ही नहीं ले रहा। ऐसा ही मामला झारखंड के रामगढ़ जिले से आया है। जहां हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। दरअसल, गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 23 पर करीब 50 हाथियों के झुंड ने रास्ता जाम किया, जिससे इस हाईवे पर वाहनों और ट्रकों का लंबा जाम लग गया। इस दौरान लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

हाथी की करंट लगने से हुई मौत
बता दें कि एक तरफ रांची जिले के बरवाडीह गांव में बिजली के तार के संपर्क में आने से एक हाथी की करंट लगने से मौत हो गई। दरअसल, हाथी धान के खेत से गुजर रहा था, तभी यह घटना हुई। फिलहाल हाथी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तो दूसरी तरफ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 23 पर हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया।

हाथी के हमले से एक ग्रामीण की हालत गंभीर
जिले के संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) वेद प्रकाश कंबोज ने बताया कि झारखंड और पश्चिम बंगाल के कम से कम 50 हाथियों ने NH 23 को अवरुद्ध कर दिया। जिससे लंबी जाम लग गई। इतना ही नहीं, बाद में हाथियों ने दुलमी और चित्तरपुर ब्लॉक में फसलों को बर्बाद कर दिया और लोगों पर भी हमला किया। हाथियों के इस हमले में एक 35 वर्षीय ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि इस उत्पात में हाथी का एक बच्चा भी सड़क के किनारे पानी भरे एक कुएं में गिर गया था हालांकि उसे बचा लिया गया। चितपुर के पास हाईवे पर हुए हाथियों के इस उत्पात के कारण करीब 1 घंटे तक हाईवे बाधित रहा।

वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह
इस मामले में वन अधिकारी कम्बोज ने बताया कि हाथियों का यह झुंड पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल को पार कर झारखंड में आ गया था और इसमें यहां के हाथी भी शामिल हो गए थे। झुंड अब रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के साथ मुरमा कला के पास एक जंगल में रामगढ़ शहर और जिला मुख्यालय के पास डेरा डाले हुए है। इस बीच वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और रात के समय घरों से बाहर निकलने से बचने को कहा है।

Content Editor

Khushi