Levee Bar & Restaurant में लगी भयावह आग, सब कुछ जलकर राख; इलाके में मची अफरा-तफरी

Tuesday, May 12, 2026-11:25 AM (IST)

Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित करमटोली चौक के समीप मंगलवार अहले सुबह लीवी बार एंड रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा रेस्टोरेंट उसकी चपेट में आ गया और अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। 

इलाके में मची अफरा-तफरी 
घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की तीन गाड़ियों को लगाया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रेस्टोरेंट के मालिक ने बताया कि सुबह चार बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। फायर ब्रिगेड कर्मियों को अंदर पहुंचने के लिए रेस्टोरेंट का मुख्य गेट तोड़ना पड़ा। इसके बाद दमकल कर्मियों ने अंदर घुसकर आग बुझाने का काम शुरू किया। बताया जा रहा है कि आग की लपटें बाहर लगे ट्रांसफार्मर तक पहुंचने लगी थीं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका पैदा हो गई थी। 

बाल-बाल बचे कर्मचारी 
पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से बाहरी हिस्से में लगी आग को भी समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सकिर्ट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि रेस्टोरेंट मालिक ने किसी साजिश से इनकार किया है। आगलगी की इस घटना में रेस्टोरेंट का किचन, डांस फ्लोर और फर्नीचर पूरी तरह जल गया। उस समय कुछ कर्मचारी अंदर सो रहे थे, जिन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। लालपुर थाना प्रभारी रूपेश सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दमकल विभाग के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।       

स्थानीय लोगों के अनुसार रेस्टोरेंट के ऊपरी तल पर रूफटॉप बार संचालित होता था, जिसे कोर्ट के आदेश के बाद बंद कर दिया गया था। कुछ समय के लिए इसे फिर से खोला गया, लेकिन बाद में दोबारा बंद कर दिया गया। लोगों का कहना है कि इससे संचालक को आर्थिक नुकसान हो रहा था। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग से रूफटॉप बार और नीचे का एक बड़ा हॉल सुरक्षित बचा लिया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static