दुमका में सिर कटा शव मिलने के मामले में 4 लोग गिरफ्तार

7/1/2021 6:48:48 PM

दुमकाः झारखंड में दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र में करीब सप्ताह पूर्व एक सिर कटा शव मिलने के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा ने गुरुवार को यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि जामा थाना क्षेत्र के मयूराक्षी नदी में भूरभूरी पुल के समीप 22 जून को एक अज्ञात युवक का सिर कटा शव बरामद किया था।

युवक की शिनाख्त के लिए स्नीफर डॉग की मदद ली गयी। साथ ही आसपास के गांवों में सिर की गहन खोज की गयी। इसके अगले दिन 23 जून को युवक का सिर एक अन्य जगह से बरामद कर लिया गया।मामले को लेकर स्थानीय चौकीदार के बयान पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। श्री लकड़ा ने बताया कि हत्याकांड की जांच के लिए जरमुंडी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। करीब दस दिन के अनुसंधान में मिले साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के खिदीरपुर गांव निवासी श्याम मंडल के रूप में गयी। उन्होंने बताया कि अनुसंधान में यह बात भी निकल कर सामने आई कि युवक की प्रेम प्रसंग में हत्या की गयी है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गहन छानबीन के बाद इस हत्याकांड में महिला मीना देवी, उसके पति मृत्युंजय मंडल के अलावा उसके पिता लक्ष्मी कांत मंडल और मां भगवती देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार किए गए सभी लोग मृत युवक के रिश्तेदार है। घटना में प्रयुक्त दो धारदार हथियार, मोरसाइकिल के अलावा दो फोन भी बरामद किया गया है। उन्होंने दावा किया कि घटना में सहयोग करने वाले अन्य आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है जिनकी गिरफ्तारी के लिए सघन छापामारी की जा रही है।

Content Writer

Diksha kanojia