झारखंड कैबिनेट की बैठक में 36 प्रस्तावों पर लगी मुहर, सरकार ने किसानों को दिया ये खास तोहफा

Saturday, Sep 21, 2024-02:11 PM (IST)

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक की गई। बैठक में कुल 36 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। वहीं झारखंड सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए धान खरीद पर बोनस राशि बढ़ाने का फैसला किया है।

धान की खरीद पर 100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बोनस देने का फैसला
कैबिनेट सचिव वंदना डाडेल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस साल छह लाख मीट्रिक टन धान की खरीद का लक्ष्य रखा गया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य साधारण धान के लिए 2300 रुपये प्रति क्विंटल और इससे ऊपर के धान के लिए 2320 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है। इसमें 100 रुपये का बोनस मिलेगा।

सरकारी कर्मियों के महंगाई भत्ते में हुई बढ़ोतरी
कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। कैबिनेट ने सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 16 फीसदी बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। पेंशनधारियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों की महंगाई भत्ते में 9 फीसदी की वृद्धि की गई है। यह फायदा एक जनवरी 2024 से मिलेगा। एक अन्य फैसले के अनुसार 29604 जल सहिया को डीबीटी के माध्यम से 12 हजार रुपये कीमत का स्मार्टफोन देने की मंजूरी दे दी गई है।

कैबिनेट के अन्य फैसले
बता दें कि बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली। बिरसा चौक रांची से धुर्वा गोल चक्कर और धुर्वा गोल चक्कर से प्रोजेक्ट भवन तक सड़क निर्माण के लिए 47.33 करोड़ की रिवाइज प्राक्कलन की स्वीकृति दी गई। धनबाद में आरएसपी कॉलेज के नए भवन निर्माण के लिए 67 करोड़ की योजना को मंजूरी दी गई है। साथ ही मयुराक्षी नदी पर पूल निर्माण के लिए करीब 241 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। वहीं रांची एयरपोर्ट से रिंग रोड तक के सड़क निर्माण के लिए 240 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई। इसके अलावा जनगणना 2009 के नियम में संशोधन किया गया। झारखंड भवन निर्माण नियमावली में संशोधन, जन्म एवं मृत्यु निबंधन में संशोधन की स्वीकृति दी गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static