झारखंड में लैंड माइंस विस्फोट में 3 जवान शहीद, 2 गंभीर रूप से घायल

3/5/2021 11:24:56 AM

 

रांचीः झारखंड में पश्चिम सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र के लांजी जंगली क्षेत्र में नक्सलियों ने लैंड माइंस (प्रेशर आईईडी) विस्फोट किया, जिसमें 3 जवान शहीद हो गए जबकि 2 जवान गंभीर रुप से घायल हैं।

पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चला रहे थे तभी आईईडी ब्लास्ट किया गया। इस हमले में 3 जवान शहीद हो गए तथा 2 अन्य घायल हैं। शहीद जवानों में पलामू जिले के कॉन्स्टेबल हाडर्वर साह और सिमडेगा जिले के कॉन्स्टेबल किरण सुरीन की मौके पर ही मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि घायल जवानों को हेलीकॉप्टर से रांची के खेल गांव स्थित हेलीपैड पर लाया गया, जहां से उन्हें एंबुलेंस से मेडिका अस्पताल ले जाया गया। इलाज के क्रम में गोड्डा जिले के रहने वाले हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र कुमार पंडित की मौत हो गई। घायल और शहीद जवान झारखंड जगुआर के हैं। घायल जवानों में खूंटी जिले के कॉन्स्टेबल दीप टोपनो और लातेहार जिले के निक्कू उरांव शामिल है। इस बीच सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ भी हुई है।

हालांकि, सुरक्षा बलों के मुंहतोड़ जवाब के कारण नक्सली जंगल की ओर भाग गए। घटना के बाद कोल्हान के डीआईजी राजीव रंजन सिंह, पुलिस अधीक्षक (चाईबासा) अजय लिंडा घटनास्थल पर पहुंचकर कैंप किए हुए हैं। पूरे इलाके में सर्च अभियान जारी है।

Content Writer

Nitika